सुल्तानपुर। कोरोना संक्रमण को लेकर की गई तैयारियों का शुक्रवार को एडीजी ने निरीक्षण किया। डीएम, एसपी समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करके की गई व्यवस्थाओं की जानकारी ली। कंट्रोल रूम व क्वारंटीन सेंटर का निरीक्षण करते हुए उन्होंने क्वारंटीन किए गए लोगों से खानपान के बारे में जानकारी ली।
कोरोना संक्रमण को लेकर 25 मार्च से चल रहे लॉकडाउन व व्यवस्थाओं की जानकारी लेने शुक्रवार को अपर पुलिस महानिदेशक एसएन सावत जिले में पहुंचे। दोपहर बाद गेस्ट हाउस में डीएम, एसपी, सीएमओ समेत अन्य अधिकारियों के साथ बैठक करके एडीजी ने पूरे जिले के तैयारियों की जानकारी ली।
बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों तक आइसोलेशन व क्वारंटीन सेंटर पर्याप्त संख्या में बनाने के निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने कलेक्ट्रेट में बनाए गए कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। कंट्रोल रूम में चल रहे कार्य व रिपोर्टिंग के संबंध में जानकारी ली।
शहर के गभड़िया स्थित शालीमार गेस्ट हाउस में बनाए गए क्वारंटीन सेंटर का भी उन्होंने हाल जाना। सेंटर में क्वारंटीन किए गए लोगों से पूछताछ करके खानपान के व्यवस्था की जानकारी ली। सेंटर में रखे गए 114 लोगों के लिए बनाए जा रहे भोजन आदि को देखा। मैरिज लॉन के संचालक रिजवान अहमद पप्पू से भी पूछताछ की।
डीएम सी. इंदुमती व एसपी शिवहरी मीणा ने व्यवस्थाओं के बारे में जानकारी दी। दोनों अधिकारियों ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम तैयारियों की जा रही हैं। एडीजी ने बचाव, राहत के साथ लॉकडाउन का पूरा अनुपालन कराने व जरूरी सामानों की होम डिलीवरी कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।