लंभुआ (सुल्तानपुर)। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने कस्बे में अवैध तरीके से कच्चे फलों को पकाने के गोदाम पर छापा मारा। उन्होंने बिना लाइसेंस रखे फलों के गोदाम को भी पकड़ा। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने संबंधित को नोटिस देकर जवाब मांगा है।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार शुक्ल ने मंगलवार शाम कस्बे में पूर्वी छोर पर स्थित एक फल पकाने का गोदाम पकड़ा। इसके मालिक कस्बा निवासी नियाज अहमद के पास इसके अलावा ब्लॉक रोड पर एक गोदाम भी है। जहां वे फलों को थोक बिक्री के लिए रखते हैं। इसका भी कोई लाइसेंस नहीं मिला।
वहीं चांदा कस्बे में जगदीश किराना स्टोर व कोइरीपुर में सजन लाल किराना स्टोर पर गंदगी के साथ ही उपभोग तिथि के बाद के सामान की बिक्री होते मिली। इन दोनों दुकानों के संचालकों को नोटिस दी गई है।
उधर, हनुमानगंज कस्बे में शंभूगंज रोड पर भी अवैध तरीके से मीट शॉप चलती मिली। खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने इस दुकान का चालान किया है। खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिनेश कुमार शुक्ल ने बताया कि अवैध खाद्य दुकानों पर छापामारी जारी रहेगी।