राजकुमार सिंह। (फाइल फोटो) स्रोत-परिजन
धम्मौर(सुल्तानपुर)। मिर्जापुर में कार्यरत सहायक चकबंदी अधिकारी राजकुमार सिंह का शुक्रवार रात निधन हो गया। वे पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे। रविवार को गांव में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। धम्मौर निवासी राजकुमार सिंह (53) मिर्जापुर में सहायक चकबंदी अधिकारी के पद पर कार्यरत थे। पिछली 19 दिसंबर को वे घर आए थे। उनकी तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने उन्हें सुल्तानपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां इलाज चल रहा था। शुक्रवार देर रात हालत बिगड़ने पर चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया था।
घर वाले उन्हें लखनऊ ले जा रहे थे कि रास्ते में उनकी मौत हो गई। राजकुमार की चार संतान में एक बेटा व तीन बेटियां हैं। शनिवार को उनके घर पर शोक संवेदना व्यक्त करने वालों का तांता लगा रहा। जानकारी लगते ही भाजपा जिलाध्यक्ष सुशील कुमार त्रिपाठी, एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह, भाजपा के प्रदेश सह संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ रामचंद्र मिश्र, भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय महामंत्री बबिता तिवारी, भाजपा नेत्री मनीषा पांडेय, जिला उपाध्यक्ष सुनील कुमार वर्मा, जिला मंत्री प्रदीप कुमार शुक्ल, जिला सह मीडिया प्रभारी अशोक सिंह, पूर्व जिला मंत्री महेश सिंह, प्रधान सिंटू सिंह आदि ने उनके घर पहुंचकर परिजनों को ढाढ़स बंधाया। संवाद