गोसाईंगंज (सुल्तानपुर)। चार वर्षीय बालिका के साथ दुष्कर्म करने के आरोपी जूस विक्रेता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। दरिंदगी की शिकार मासूम बच्ची का उपचार जिला महिला अस्पताल में चल रहा है। शुक्रवार को कोर्ट में पेश किए गए आरोपी को आक्रोशित वकीलों ने जमकर पिटा।
क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला का पति दूसरे शहर में काम करता है। महिला चार वर्षीय बेटी के साथ रहती है। बृहस्पतिवार की शाम छह बजे बच्ची घर के पास मोहम्मद आरिफ निवासी गनेशपुर कैथौली की दुकान पर जूस पीने गई थी।
आरिफ ने बच्ची को पास के एक कमरे में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। गंभीर हालत में बच्ची रोते हुए मां के पास पहुंची तो घटना की जानकारी हुई। आरोपी भी बच्ची का पीछा करते हुए उसके घर के पास पहुंच गया। महिला ने सूचना पुलिस को देते हुए बच्ची को जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया।
एसओ श्याम नारायन पांडेय ने बताया कि दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरिफ को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया। प्रभारी स्पेशल जज पॉक्सो एक्ट/ एडीजे अनुराग कुरील ने दुष्कर्मी को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
पुलिस उसे लॉकअप की ओर ले जा रही थी तभी वहां पहुंचे वकीलों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। पुलिस ने किसी तरह से आरोपी को बचाकर लॉकअप में दाखिल किया।