सुल्तानपुर। सपा सरकार में तत्कालीन कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का पुतला फूंकने समेत अन्य आरोपों से जुड़े मामले में भाजपा एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल सहित अन्य आरोपियों के खिलाफ चल रहे मुकदमे में बुधवार को आरोपी वेदप्रकाश पांडेय व मानवेंद्र सिंह ने आत्मसमर्पण किया। उनकी तरफ से पेश की गई जमानत अर्जी पर सुनवाई के पश्चात स्पेशल मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने उन्हें जमानत व मुचलके पर रिहा करने का आदेश दिया है।
अमेठी कोतवाली के तत्कालीन उप निरीक्षक आनंद भूषण बेलदार ने 25 फरवरी 2014 की घटना बताते हुए स्थानीय कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। आरोप के मुताबिक तत्कालीन कैबिनेट मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति का भाजपा पार्टी के कुछ कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों के जरिये पुतला फूंकने की तैयारी करने की सूचना उन्हें मिली। पुलिस पहुंची तो आरोपीगण पुतला जला दिए थे। कडेरगांव निवासी एमएलसी गोविंद नारायण शुक्ल व सह आरोपी भाजपा नेत्री रश्मि सिंह, काशी प्रसाद, सुधांशु शुक्ल, वेद प्रकाश पांडेय, मानवेंद्र सिंह व सदाशिव पांडेय के खिलाफ पुलिस ने चार्जशीट पेश किया है। यह मामला एमपी-एमएलए कोर्ट में लंबित चल रहा है।