लंभुआ (सुल्तानपुर)। मामूली विवाद में शिक्षिका के साथ अभद्रता और पति की पिटाई के मामले में पुलिस ने मामला पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
कोतवाली क्षेत्र के चौकिया निवासी नीतू सिंह लंभुआ विकास खंड के हाटा प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक हैं। आरोप है कि 24 फरवरी को वह अपने पति सूरज सिंह के साथ कार से घर जा रहीं थीं। सार्वजनिक रास्ते में हाटा निवासी अंशू यादव ने सिंचाई के लिए पाइप बिछा रखी थी। कार से सिंचाई की पाइप फट गई। इसी बात पर अंशू यादव ने उनके पति सूरज सिंह को मारापीटा। उनका मोबाइल भी छीनकर तोड़ दिया।
इसके बाद बीते बृहस्पतिवार को शिक्षिका को अंशू ने साथियों के साथ जान से मारने की धमकी दी। इससे भयभीत होकर वह विद्यालय नहीं जा रहीं हैं। लंभुआ कोतवाली के प्रभारी थानाध्यक्ष अरविंद कुमार ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।