सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी का पुतला फूंकने के मामले में आरोपी कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह समेत अन्य कांग्रेसी बुधवार को कोर्ट में हाजिर नहीं हुए। इससे आरोप तय होने की कार्रवाई टल गई।
एमपी-एमएलए की विशेष कोर्ट के मजिस्ट्रेट शुभम वर्मा ने मामले में अगली सुनवाई के लिए 25 नवंबर की तिथि नियत कर दी है। 29 जुलाई 2022 को अमेठी जिले की गौरीगंज बाजार में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति इरानी का पुतला फूंकने के आरोप में पुलिस ने कांग्रेस के पूर्व एमएलसी दीपक सिंह, कांग्रेस जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंघल, पूर्व जिलाध्यक्ष योगेंद्र मिश्र समेत कई कांग्रेसियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। विवेचना के बाद पुलिस ने 14 कांग्रेसियों के खिलाफ चार्जशीट कोर्ट में दाखिल की थी।