सुल्तानपुर। हलियापुर के उमरा निवासी विजय कुमार अग्रहरि के शव का रविवार दोपहर गांव के एक खाली स्थान पर अंतिम संस्कार किया गया। आरोप है कि गत छह मई को विपक्षियों ने उन पर कुल्हाड़ी से हमला किया था। शुक्रवार रात अयोध्या में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी।
मृतक के परिजनों ने शनिवार को शव घर पहुंचने के बाद अंतिम संस्कार से इन्कार कर दिया था। परिजनों को समझाने पहुंचे उपजिलाधिकारी बल्दीराय प्रवीण कुमार को घरवालों ने 10 सूत्री मांग पत्र दिया। परिजनों ने आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। रविवार दोपहर मृतक का शव गांव में ही दफनाया गया। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने बताया कि हत्यारोपी उमरा निवासी शिव कुमार तिवारी और पुत्तन तिवारी को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। (संवाद)