सुल्तानपुर। रंजिश में 16 साल की किशोरी को जलाकर मार डालने के मामले में फरार चल रहे आरोपी महंत चौहान को बल्दीराय पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसे सोमवार को फास्ट ट्रैक कोर्ट में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की सुनवाई 28 जुलाई को तय की गई है।
बल्दीराय के टड़रसा ऐंजर गांव निवासी प्रदीप सिंह की पड़ोस के गांव परसौली निवासी जगबरन यादव से रंजिश चल रही थी। आरोप के मुताबिक, 21 सितंबर 2020 की सुबह प्रदीप सिंह की बेटी श्रद्धा सिंह घर के सामने लगे हैंडपंप पर पानी भर रही थी। तभी आरोपी जगबरन यादव के बुलाने पर परसौली मजरे ऐंजर निवासी जयकरन, सुभाष सिंह और महंत ने श्रद्धा सिंह पर केरोसिन छिड़ककर उसे आग के हवाले कर दिया।
आग से झुलसी श्रद्धा की ट्रॉमा सेंटर लखनऊ में मौत हो गई थी। मृतका की मां अर्चना देवी की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट द्वितीय में चल रही है। महंत चौहान लंबे समय से फरार था। पुलिस ने महंत चौहान को देहली बाजार से गिरफ्तार कर अदालत में पेश किया, जिसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।