हाईवे पर छरौली के पास जलता ट्रक।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। रायबरेली-सुल्तानपुर हाईवे पर शुक्रवार देर रात एक ट्रक नहर की पुलिया से टकराकर हाईवे पर पलट गया। ट्रक पलटते ही उसमें आग लग गई। ट्रक चालक ने वाहन से कूदकर अपनी जान बचाई। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यह हादसा दूबेपुर के छरौली गांव के पास हुआ। क्षेत्र के पलिया (मुन्नू का पुरवा) निवासी संतोष यादव अपना ट्रक लेकर धान लादने शुक्रवार की रात अमेठी जा रहा था। देर रात करीब साढ़े बारह बजे रास्ते में नहर की पुलिया से टकराने के बाद ट्रक हाईवे पर पलट गया। ट्रक पलटते ही इंजन में शॉर्ट सर्किट से आग लग गई। इस बीच संतोष ट्रक से कूदकर भाग निकला। कुछ ही देर में ट्रक आग का गोला बन गया। आग की लपटें उठती देख ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना पर पहुंचे दमकल कर्मियों ने जब तक आग बुझाई, ट्रक पूरी तरह जल गया था। थानाध्यक्ष धम्मौर श्याम सुंदर ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।