सुल्तानपुर। जिले के अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। एक व्यक्ति घायल हो गया। देहात कोतवाली क्षेत्र के बजेठी गांव निवासी विवेक यादव (25) बृहस्पतिवार की रात आठ बजे छीड़ा के पास बरात गया था। देर रात करीब दो बजे वह बाइक से घर लौट रहा था। सीआरपीएफ ग्रुप सेंटर के गेट संख्या तीन को पार कर जैसे ही वह बजेठी गांव की ओर मुड़ा उसकी बाइक का संतुलन बिगड़ गया। सड़क किनारे गड्ढे में गिरकर वह गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों की मदद से उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
हलियापुर क्षेत्र के पूरे मलैया पांडे मजरे कांपा निवासी सुरेंद्र पांडेय (45) गांव के हनुमंत प्रसाद तिवारी (48) के साथ शुक्रवार की सुबह बाइक से मुसाफिरखाना गए थे। चार बजे घर लौटते समय कादूनाला के पास तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। दुर्घटना में सुरेंद्र पांडेय व हनुमंत प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी लाया गया, जहां चिकित्सकों ने सुरेंद्र पांडेय को मृत घोषित कर दिया। हनुमंत प्रसाद को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।