सुल्तानपुर। धनपतगंज क्षेत्र में सोमवार को तेज रफ्तार जीप बाइक सवार कर्मराज (21) और कुलदीप (20) को रौंदते हुए निकल गई। दुर्घटना में कर्मराज की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से कुलदीप को ग्रामीणों ने एंबुलेंस की सहायता से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है।
यह हादसा राधे पंडित का पुरवा गांव के पास हुआ। पड़रे गांव निवासी कर्मराज और कुलदीप सोमवार दोपहर बाद दो बजे बाइक से हरौरा बाजार जा रहे थे। रास्ते में विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार जीप बाइक को टक्कर मारते हुए निकल गई। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को देते हुए एंबुलेंस को कॉल कर मदद मांगी, लेकिन तब तक कर्मराज की मौत हो चुकी थी। घायल कुलदीप को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया है। थाना प्रभारी श्रीराम पांडेय ने बताया कि अज्ञात जीप चालक के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।