सुल्तानपुर। लखनऊ-वाराणसी हाईवे पर शनिवार की दोपहर तेज रफ्तार एक कार अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में कार पर सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद एक युवक को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।
यह हादसा महारानी पश्चिम के पास हुआ। कादीपुर क्षेत्र के गोपालपुर सराय निवासी राहुल सिंह (32) शनिवार को कार से आजाद नगर केराकत निवासी दीपक चौरसिया (31) व राहुल चौरसिया (28) (दोनों भाई) के साथ लखनऊ से घर लौट रहे थे। कार हाईवे पर महारानी पश्चिम के पास पहुंची थी कि अनियंत्रित होकर खड्ड में पलट गई। दुर्घटना में घायल तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने राहुल को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया।