एक्सप्रेसवे पर क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार की सुबह मिनी ट्रक और ट्रेलर के बीच टक्कर हो गई। दुर्घटना में मिनी ट्रक के खलासी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक बाल-बाल बच गया। हादसे के बाद ट्रेलर का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। दोस्तपुर और अंबेडकर नगर के बेवाना थाने की पुलिस घंटों सीमा विवाद को लेकर उलझी रही। बाद में बेवाना थाने की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
यह हादसा दोस्तपुर क्षेत्र के धनऊपुर गांव के पास बृहस्पतिवार की सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हुआ। ट्रेलर से भिड़ंत में मिनी ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। मिनी ट्रक के खलासी सूरज कोरी निवासी अन्नपूर्णानगर थाना गोसाईंगंज की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चालक राजेश निवासी मोतीगंज बाल-बाल बच गया। सूचना मिलते पर दोस्तपुर थाने की पुलिस और अंबेडकरनगर के बेवाना थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों जिलों की पुलिस के बीच सीमा को लेकर विवाद हो गया। विवाद निस्तारित होने के बाद बेवाना थाने की पुलिस ने मिनी ट्रक के खलासी सूरज के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। मिनी ट्रक के चालक राजेश ने बताया कि वह कानपुर से सब्जी लाद कर बसखारी पहुंचाने जा रहा था। गलत साइड से ट्रेलर के आने से हादसा हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रेलर का चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।