गोसाईगंज के पास क्षतिग्रस्त वाहन।
- फोटो : SULTANPUR
सुल्तानपुर। लखनऊ जा रही परिवहन निगम की एक बस बांसगांव के पास पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना में आठ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने घायलों को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने एक यात्री को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बस पर सवार अन्य यात्रियों को दूसरी बसों से गंतव्य के लिए रवाना किया।
परिवहन निगम की जनरथ बस आजमगढ़ से लखनऊ जा रही थी। गोसाईंगंज क्षेत्र के बांसगांव के पास रविवार की सुबह बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकरा गई। दुर्घटना में बस के आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चीख-पुकार के बाद पहुंचे स्थानीय लोगों ने दुर्घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों ने बस में फंसे आठ लोगों को निकालकर एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी पहचान नदीम अहमद (40), कसीम अहमद (36) निवासी मोहल्ला बाज बहादुर, अनिल गुप्ता (45) निवासी हरिवंशपुर थाना सिधारी आजमगढ, रोहित यादव (40) निवासी सीतापुर जनपद सीतापुर, कमला देवी (55) पत्नी उदय भान निवासी कस्बा लखीमपुर जिला लखीमपुर, विनोद कुमार (39) निवासी लगंडपुर छावनी जिला गाजीपुर, विवेक कुमार गुप्ता (38) निवासी बिलरियागंज थाना बिलरियागंज जिला आजमगढ़ और बीरबल (46) निवासी लंगडपुर छावनी लाइन जिला गाजीपुर के रूप में की गई।
उपचार के दौरान बीरबल की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। एसपी डॉ. विपिन कुमार मिश्र ने बताया कि बस का चालक राम प्रताप सैनी और परिचालक राजकुमार सुरक्षित हैं। बस में करीब 60 यात्री सवार थे, जिन्हें अन्य बसों पर बैठाकर गंतव्य के लिए रवाना किया गया है।