जगदीशपुर (अमेठी)। मानसून सत्र के बाद दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को अमेठी पहुंचे कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जमकर हमला बोला। शुकुल बाजार के पूरे लेदई गांव की चौपाल में किसानों ने उनसे बिजली, पानी, सड़क की समस्या बताई तो राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया नारे पर तंज कसते हुए कहा कि अभी ‘अच्छे दिन’ नहीं आए हैं। अच्छे दिन का इंतजार करिए।
करीब तीन माह बाद मंगलवार को अमेठी पहुंचे सांसद राहुल गांधी का पहला पड़ाव शुकुल बाजार का पूरे लेदई गांव रहा। राहुल गांधी ने गांव निवासी रामप्रगट दुबे के घर के सामने चौपाल लगाई। चौपाल में किसानों ने राहुल गांधी से बिजली, पानी सड़क जैसी बुनियादी सहूलियतों की समस्या बताई। इस पर राहुल गांधी ने मुस्कुराते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सीधा निशाना साधा। उन्होंने प्रधानमंत्री के मेक इन इंडिया नारे पर तंज कसते हुए कहा कि अभी ‘अच्छे दिन’ नहीं आए हैं। राहुल ने किसानों से पूछा कि गांव के कितने लोग रोजी-रोटी के सिलसिले में परदेस में रहते हैं। जवाब मिला तमाम लोग होंगे। राहुल ने फिर दोहराया कि ये लोग कहां ज्यादा हैं और क्या करते हैं। ग्रामीणों ने कहा कि अधिकतर लोग गुजरात में रहते हैं। उसके बाद दिल्ली में। सब के सब वहां मजदूरी करते हैं।
गांव के कृष्णचेतन दुबे ने बताया कि वह आईटीआई पास है लेकिन नौकरी नहीं मिली। गांव के रामशंकर दुबे ने बताया कि मात्र चार-पांच घंटे ही बिजली मिलती है। राहुल ने कहा कि मांग बढ़ी लेकिन बिजली के कल-कारखाने नहीं बढ़े। ये जिम्मेदारी प्रदेश सरकारों की होती है। किसानों ने कहा कि राहुल भइया इस बार बारिश काफी कम हुई है। पानी के अभाव में फसलें सूख रहीं हैं। किसानों के आग्रह पर राहुल गांधी खेतों के बगल से होते हुए पड़ोसी गांव दक्खिनगांव के लिए निकल पड़े।