सुल्तानपुर। ब्राहिमपुर गांव में मंगलवार की देर शाम एक किशोर को अगवा करने के बाद उसकी हत्या कर दी गई। बुधवार की सुबह किशोर का शव घर के पीछे गन्ने के खेत में पाया गया। हत्या की सूचना मिलते ही सीओ कादीपुर और अखंडनगर थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना स्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने मृतक के मामा की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।
जौनपुर जिले के सरपतहा थाना क्षेत्र के बूढूपुर गांव निवासी झूरी का इकलौता बेटा राघव प्रजापति (15) बचपन से अपने ननिहाल ब्राहिमपुर गांव निवासी नाना लहूरी के घर पर रहकर पढ़ाई करता था।
मंगलवार की देर शाम अचानक राघव लापता हो गया। परिवारीजन राघव की तलाश में जुटे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। बुधवार की सुबह खेत गए ग्रामीणों को राघव का शव लहूरी के घर के पीछे स्थित गन्ने के खेत में मिला। शव मिलने की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई।
ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना के बाद सीओ कादीपुर सुरेश कुमार, एसओ अखंडनगर संजय सिंह पुलिस टीम के साथ पहुंच गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार राघव का गला रुमाल से कसा गया था और उसके नाक व मुंह से खून निकला था।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। सीओ कादीपुर ने बताया कि किशोर की हत्या की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में स्थिति साफ होगी। पुलिस ने मामा मनीष की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया है।