सुल्तानपुर। पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिले की सांसद मेनका गांधी के खिलाफ दायर मानहानि केस में तीन अक्तूबर को परिवादी का बयान दर्ज किया जाएगा। जिले के दुबेपुर ब्लॉक में पिछले 10 अगस्त को जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री व जिले की सांसद मेनका गांधी शामिल हुई थी।
आरोप है कि इस दौरान मास्क नहीं पहनने और लॉकडाउन के दौरान व्यापारी को ब्लैकमेल करने के बारे में सांसद ने पत्रकारों के खिलाफ विवादित बयान दिया था। कहा था कि आम आदमी को मास्क लगाने के लिए न कहे, वह मरे तो हमारी बला से।
इसके अलावा सांसद पर पत्रकारों को ब्लैकमेलर कहने का भी आरोप है। इसी मामले को लेकर पिछले 28 अगस्त को शहर के विवेकानंद नगर निवासी पत्रकार राजेश मिश्र ने सांसद मेनका गांधी के खिलाफ कोर्ट में मानहानि का केस दायर किया था।
बृहस्पतिवार को यह मामला स्पेशल जज एमपी-एमएलए पीके जयंत की कोर्ट में सुनवाई के लिए पेश किया गया। परिवादी राजेश मिश्र की की ओर से मौका अर्जी देकर अन्य तिथि नियत करने की मांग की गई। सांसद के अधिवक्ता संतोष पांडेय ने बताया कि कोर्ट ने मौका अर्जी मंजूर कर परिवादी का बयान करने के लिए तीन अक्तूबर की तिथि नियत की है।