सुल्तानपुर। माध्यमिक स्कूलों में 21 मई से 10 जून तक समर कैंप का आयोजन होगा। यह कैंप राष्ट्रीय शिक्षा नीति के तहत जिले के सभी राजकीय, अशासकीय सहायता प्राप्त व स्ववित्तपोषित माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित किया जाना है। निगरानी व देखरेख के लिए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सात सदस्यीय कमेटी का गठन किया गया है।
कमेटी में मुख्य विकास अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी व जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा नामित राजकीय माध्यमिक विद्यालय के वरिष्ठ प्रधानाचार्य को सदस्य बनाया गया है जबकि जिला विद्यालय निरीक्षक सदस्य सचिव के रूप में रहेंगे।
समर कैंप का उद्देश्य बच्चों में रचनात्मक सोच को विकसित करना है। समग्र शिक्षा माध्यमिक के जिला समन्वयक अखिलेश पांडेय ने बताया कि कैंप के दौरान रोजाना अलग-अलग गतिविधियां कराई जाएंगी। कैंप के दौरान कला, विज्ञान, व्यायाम, संगीत एवं हिंदी आदि के शिक्षकों को मौजूद रहना होगा।