सुल्तानपुर। जिले के विभिन्न प्रकार के दिव्यांगों को अब बेहतर उपचार और पुनर्वास की सुविधा स्थानीय स्तर पर मिलेगी। शासन की पहल पर जिला अस्पताल में रेडक्रॉस सोसाइटी के माध्यम से दिव्यांग पुनर्वास केंद्र स्थापित किया जाएगा। यहां आधुनिक उपकरणों की मदद से प्रभावित अंगों की फिजियोथेरेपी कराई जाएगी और इसके लिए प्रशिक्षित विशेषज्ञ तैनात किए जाएंगे।
केंद्र में कम सुनने, कम बोल पाने, चलने-फिरने में अक्षम, हाथों से दिव्यांग तथा अन्य प्रकार की दिव्यांगता वाले लोगों को उपचार और पुनर्वास सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। उद्देश्य दिव्यांगों की कार्यक्षमता बढ़ाकर उन्हें अधिक आत्मनिर्भर बनाना है।
दिव्यांगजन कल्याण विभाग ने केंद्र संचालन के लिए रेडक्रॉस सोसाइटी का चयन किया है। सोसाइटी ने उपकरणों की खरीद और अन्य व्यवस्थाओं के लिए करीब 52 लाख रुपये की कार्ययोजना तैयार कर जनवरी 2024 में जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को भेजी थी। प्रस्ताव को शासन से मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अब तक धनराशि जारी नहीं हो सकी है।
तीन दिन पहले जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह के निर्देश पर विभाग ने प्रक्रिया फिर तेज कर दी है। बढ़ी हुई लागत को देखते हुए रेडक्रॉस सोसाइटी से संशोधित प्रस्ताव तैयार कराया जा रहा है। जिला दिव्यांगजन कल्याण अधिकारी विद्या देवी ने बताया कि संशोधित प्रस्ताव जल्द ही शासन को भेजा जाएगा। बजट स्वीकृत होते ही जिला अस्पताल में पुनर्वास केंद्र का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।