सुल्तानपुर। जिले में 48.157 हेक्टेयर भूमि पर नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित होगा। तैयार प्रस्ताव को शासन स्तर से मिली मंजूरी के बाद जल्द ही लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे के किनारे सदर तहसील के सरैया पूरे बिसेन व ऊंचगांव में इसके लिए जमीन अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी। राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने भी इस पर सहमति दे दी है।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरन आनंद ने यूपीसीडा अमेठी के वरिष्ठ प्रबंधक को पत्र भेजते हुए जिला प्रशासन से समन्वय स्थापित करते हुए नोडल अधिकारी नामित कराने के निर्देश दिए हैं। नोडल अधिकारी की देखरेख में नये औद्योगिक क्षेत्र की जद में आने वाली सरकारी व किसानों की भूमि को चिह्नित करने के निर्देश दिए गए हैं। किसानों से उनकी भूमि की सहमति लेते हुए उसका मूल्यांकन कराया जाएगा। इसके बाद भूमि अर्जन, पुनर्वासन की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरन आनंद ने प्रतिकर भुगतान के लिए प्रक्रिया पूरी करते हुए धनराशि की मांग संबंधी पत्र भेजने के निर्देश दिए हैं। मुख्य कार्यपालक अधिकारी के पत्र के बाद नया औद्योगिक क्षेत्र विकसित होने की आस जग गई है। प्रशासन ने भूमि अर्जन के लिए किसानों से सहमति लेने का कार्य भी शुरू करा दिया है।
किसानों से ली जा रही सहमति
प्रत्येक जिले में एक औद्योगिक क्षेत्र विकसित करने के शासन के निर्देश के बाद जिला प्रशासन ने तहसील सदर के अलीगंज कस्बे के पास हाईवे के किनारे स्थित ऊंचगांव व सरैयापूरे बिसेन की भूमि को चिह्नित कराया था। एसडीएम सदर विपिन द्विवेदी ने बताया कि दोनों गांवों के करीब 700 किसानों व सरकारी मिलाकर 48.157 हेक्टेयर भूमि चिह्नित की गई है। इसमें ऊंचगांव की करीब 33.2 हेक्टेयर और सरैया पूरे बिसेन के किसानों की 15 हेक्टेयर जमीन है। प्रभावित होने वाले किसानों से सहमति ली जा रही है।
अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व राकेश सिंह ने बताया कि मुख्य कार्यपालक अधिकारी के निर्देश पर प्रक्रिया आगे बढ़ाई गई है। जल्द ही किसानों की भूमि का मूल्यांकन कराकर धनराशि की मांग संबंधी पत्र यूपीसीडा को भेजा जाएगा। उधर, सुल्तानपुर विधायक विनोद सिंह ने सहमति देने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ का आभार जताया है।