चांदा। स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित अस्पताल के मामले में सख्त रुख अख्तियार किया है। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा अधीक्षक डॉ. आरसी यादव ने कस्बे में अवैध रूप से संचालित आयुषी पाॅली क्लीनिक के संचालक डॉ. डीके यादव व डॉ. रंजना यादव के खिलाफ कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है।
पिछले बृहस्पतिवार को डिप्टी सीएमओ डॉ. पीडी त्रिपाठी ने वरिष्ठ सहायक विजय कुमार राय, सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरसी यादव, बीपीसीएम डॉ. दिनेश सिंह के साथ चांदा कस्बे में संचालित आयुषी पॉली क्लीनिक का निरीक्षण किया था। निरीक्षण में अस्पताल में तीन महिला मरीज भर्ती मिलीं थीं। इस दौरान अस्पताल में कोई जिम्मेदार मौजूद नहीं था। डिप्टी सीएमओ ने वहां मौजूद केयर टेकर से इस संबंध में पूछताछ की, लेकिन उनसे कोई जानकारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद डिप्टी सीएमओ ने मरीजों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र प्रतापपुर कमैचा में भर्ती कराया था। साथ ही क्लीनिक को सीज कर दिया गया था। डिप्टी सीएमओ ने इस मामले की जांच कराई थी। जांच में अनियमितता मिलने पर सीएचसी अधीक्षक ने मुकदमा दर्ज कराया है। चांदा इंस्पेक्टर दीपेंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि आयुषी पाॅली क्लीनिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।