डोभियारा में पॉली हाउस का निरीक्षण करते उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक डॉ. भानु प
- फोटो : डोभियारा में पॉली हाउस का निरीक्षण करते उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक डॉ. भानु प्रकाश राम।
सुल्तानपुर। बल्दीराय के डोभियारा में किसान आशीष झा के खेत में एकीकृत बागवानी विकास मिशन योजना के तहत स्थापित पॉली हाउस का उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग के निदेशक डॉ. भानु प्रकाश राम ने सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों को बताया कि पर ड्रॉप मोर क्रॉप सिंचाई पद्धति से कम खर्च में अच्छी खेती हो रही है। इसमें जरबेरा पुष्प व कलर्ड शिमला मिर्च की खेती की जा रही है। पर ड्रॉप मोर क्रॉप योजना के लाभार्थी राजेंद्र प्रताप सिंह के खेत पर स्थापित मिनी स्प्रिंकलर सिंचाई पद्धति को चलवा कर देखा गया। निदेशक ने किसान से कहा कि अपनी फसल में इस संयंत्र का लगातार उपयोग करते रहें। इससे उत्पादन में वृद्धि के साथ पानी की भी बचत होगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने उद्यान अधिकारी को निर्देश दिया कि संरक्षित खेती कार्यक्रम को बढ़ाने के लिए किसानों को जागरूक करें। साथ ही किसानों के प्रक्षेत्र पर शेडनेट हाउस और पॉली हाउस की स्थापना कराने के लिए प्रस्ताव निदेशालय को भेजें। इस मौके पर जिला उद्यान अधिकारी रणविजय सिंह, वरिष्ठ उद्यान निरीक्षक पवन कुमार सिंह व विकास खंड प्रभारी सुमित सिंह मौजूद रहे।