अमेठी। मंगलवार को आयोजित तहसील दिवस की अध्यक्षता करने पहुंचे एसडीएम को अधिवक्ताओं के जोरदार विरोध का सामना करना पड़ा। सभागार के बाहर पहुंचे अधिवक्ताओं ने एसडीएम का विरोध करते हुए मुर्दाबाद के नारे लगाए। नारेबाजी से थोड़ी देर के लिए तहसील दिवस बंद हो गया।
एसडीएम आरडी राम की खिलाफत शुरू कर हड़ताल पर चल रहे अधिवक्ता मंगलवार को भड़क गए। आयोजित तहसील दिवस में एसडीएम के आने की सूचना पर एकत्र अधिवक्ता तहसील दिवस सभागार के पास पहुंच गए। अध्यक्ष बार एसोसिएशन दिनेश सिंह की अध्यक्षता में पहुंचे अधिवक्ताओं ने एसडीएम के विरोध में मुर्दाबाद के नारे लगाए। करीब आधे घंटे तक अधिवक्ताओं की चली नारेबाजी के दौरान तहसील दिवस थोड़ी देर के लिए बंद हो गया।
अधिवक्ताओं का कहना था कि एसडीएम का रवैया वादकारियों के साथ शिकायतकर्ताओं के हित में नहीं है। एसडीएम किसी मामले में फैसला नहीं कर उसे उलझाते हैं। काम करने के बजाय आश्वासन देना ही एसडीएम का शगल बन चुका है। वादकारियों के हितों की तमाम दिक्कतों को देखते हुए अधिवक्ताओं ने काम करने से मना करते हुए एसडीएम के तबादले की मांग पर अड़ गए हैं। मंगलवार को हुए प्रदर्शन में सचिव बार एसोसिएशन चंद्रभूषण तिवारी, जितेंद्र सिंह, राजेश मिश्र, बृजेश पांडेय, लालजी वर्मा, कैलाश कुमार, ओमप्रकाश मौजूद रहे।