गौरीगंज (ब्यूरो )। जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन की पेयजल व्यवस्था पटरी से उतर गई है। स्टेशन परिसर में लगी पानी की टंकी का मोटर फुंकने के कारण सात दिन से जलापूर्ति ठप है। वहीं स्टेशन परिसर के ज्यादातर हैंडपंप भी खराब पड़े हैं। आवासीय कॉलोनी के करीब 500 लोग पानी को तरस रहे हैं।
जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर लगे तीन इंडिया मार्का टू हैंडपंप काफी समय से शोपीस साबित हो रहे हैं। यात्रियों को स्टेशन परिसर से बाहर जाकर पानी पीना पड़ता है। यात्रियों को स्टेशन पर पानी उपलब्ध नहीं होता है। इन दिक्कतों के बीच रेलवे स्टेशन परिसर की पानी की टंकी का मोटर भी फुंक गया। इससे रेलवे कॉलोनी में रहने वाले रेल कर्मियों व उनके परिवारों के करीब 500 लोग सात दिन से पानी को तरस रहे हैं। उन्हें बाहर से पानी लाने को मजबूर होना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने डीआरएम से रेलवे स्टेशन पर पीने के पानी की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है।