सुल्तानपुर। जिले में चल रही ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन की प्रक्रिया में करीब 150 नई ग्राम पंचायतों के बनने के आसार हैं। प्रशासन की ओर से गठित समिति ने 185 आवेदन सही पाए हैं। हालांकि 266 आवेदनों की जांच तहसीलदारों एवं खंड विकास अधिकारियों को संयुक्त रूप से सौंपी गई है। शुक्रवार की शाम ज्यादातर संयुक्त टीमों ने अपनी रिपोर्ट दे दी है।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर ग्राम पंचायतों के पुनर्गठन की चल रही प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है। पंचायतराज विभाग में आए करीब 580 आवेदनों में जांच के बाद कुछ को निरस्त कर दिया गया। इसमें 185 आवेदन मानकों के हिसाब से सही पाए गए हैं। इस पर प्रशासन की ओर से गठित समिति ने अपनी मुहर लगा दी है। विवादित 266 आवेदनों की जांच के लिए जिला प्रशासन ने संबधित खंड विकास अधिकारियों व तहसीलदारों की संयुक्त टीम बना दी थी। दोनों अधिकारियों से अपनी संयुक्त रिपोर्ट शुक्रवार की शाम तक देने को कहा गया था। शुक्रवार की शाम को ज्यादातर टीमों ने अपनी रिपोर्ट पंचायतराज विभाग को सौंप दी। रिपोर्ट में कुछ आवेदन गलत पाए गए हैं। समिति विचार करेगी और रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। अधिकारियों की मानें तो संस्तुतियों के मुताबिक जिले में 150 नई ग्राम पंचायतें बन सकती हैं।