जगदीशपुर (अमेठी)। रेलवे ट्रैक पर स्लीपर उतारते समय मालगाड़ी का इंजन फेल हो गया। अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन की मदद से मालगाड़ी के डिब्बे को रेलवे ट्रैक से हटाया गया तब जाकर ट्रेनों का संचालन बहाल हो सका। रेलवे ट्रैक बाधित होने से तीन एक्सप्रेस ट्रेनें करीब चार घंटे विलंब से रवाना की गईं।
लखनऊ-वाराणसी रेलखंड पर स्थित सिंदुरवा रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर तीन और पांच पर डीएमटी मालगाड़ी के डिब्बे में रखे स्लीपर ट्रैक पर रखे जा रहे थे। दोपहर करीब एक बजकर 10 मिनट पर प्लेटफार्म नंबर तीन पर खड़े मालगाड़ी के डिब्बे को इंजन से जोड़ा गया, तभी इंजन फेल हो गया। परिणामस्वरूप प्लेटफार्म नंबर तीन और प्लेटफार्म नंबर पांच पर मालगाड़ी के डिब्बे ट्रैक पर ही फंस गए। इस दौरान अमृतसर से हावड़ा जाने वाली ट्रेन को अकबरगंज रेलवे स्टेशन पर रोक लिया गया, जबकि हावड़ा-अमृतसर एक्सप्रेस को निहालगढ़ रेलवे स्टेशन पर लिया गया।
रेल प्रशासन अकबरगंज में खड़ी अमृतसर-हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन को अलग कर सिंदुरवा लाया और मालगाड़ी से जोड़कर तीन नंबर प्लेटफॉर्म से हटाकर पांच पर पहुंचाया गया। इस कार्रवाई में करीब चार घंटे का वक्त लग गया।