गौरीगंज। मुंशीगंज थाना क्षेत्र के किटियावां गांव के पास गुरुवार बाद दोपहर दो युवकों ने सीमेंट कंपनी के सेल्समैन पर हमला बोल दिया। सेल्समैन को लाठी-डंडों से जमकर पीटने के बाद युवक 84 हजार रुपयों से भरा बैग छीनकर भाग निकले।
नया सरदारी खेड़ा पूरन नगर आलमबाग लखनऊ निवासी अनूप कुमार श्रीवास्तव (36) एक सीमेंट कंपनी में सेल्समैन का काम करता है। गुरुवार को अनूप सीमेंट व्यवसायियों से तगादा वसूलने सुल्तानपुर आया था। सेल्समैन सुल्तानपुर से एक व्यवसायी की बाइक लेकर अमेठी जिले के मुंशीगंज थाना क्षेत्र स्थित शारदन बाजार पहुंचा। यहां एक व्यापारी से तगादा वसूलने के बाद वह मुंशीगंज स्थित मां शारदा ट्रेडर्स के यहां गया। शारदा ट्रेडर्स से धन लेने के बाद सेल्समैन शाहगढ़ पहुंचा जहां पहले से मौजूद एक अन्य बाजार के व्यवसायी ने भी सेल्समैन को तगादा दिया। यहां से निकलने के बाद अनूप रामगंज बाजार जा रहा था। वह किटियावां गांव के पास स्थित स्वामी अखंडानंद निषादराज महाविद्यालय के पास पहुंचा ही था कि सड़क किनारे पहले से मौजूद बाइक सवार दो युवकों ने उसे रोक लिया। सेल्समैन जब तक कुछ समझ पाता युवकों ने डंडे से उसकी पिटाई शुरू कर दी। जमकर मारने-पीटने के बाद दोनों युवक सेल्समैन का रुपयों से भरा बैग लेकर भाग निकले। एंबुलेंस कर्मियों ने गंभीर रूप से घायल सेल्समैन को संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। सेल्समैन की मानें तो बैग में 84 हजार रुपये थे। थानाध्यक्ष आरके सिंह ने बताया कि मामले की छानबीन की जा रही है।