लंभुआ (सुल्तानपुर)। धान की निराई कर रही एक महिला से युवक ने दुष्कर्म किया। महिला के विरोध करने पर आरोपी ने खुरपे से उस पर ताबड़तोड़ हमला किया। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। तब महिला को मृत समझकर आरोपी फरार हो गया। करीब डेढ़ घंटे बाद होश आने पर महिला किसी तरह घर पहुंची और परिवारीजनों से आपबीती सुनाई। परिवारीजन पीड़िता को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस अधिकारियों ने पीड़िता से पूछताछ की है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।
लंभुआ कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में गुरुवार दोपहर गांव की एक 35 वर्षीय महिला खेत में धान की निराई करने गई थी। तभी गांव का ही प्रविंद कुमार सिंह उर्फ परमिंदे वहां पहुंच गया। प्रविंद ने महिला के साथ दुष्कर्म किया। महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने खुरपे से हमला कर दिया। हमले में महिला के नाजुक अंगों पर गहरी चोटें आईं। हमले से अचेत होकर पीड़िता खेत में ही गिर पड़ी। तब आरोपी उसे मरा हुआ समझकर भाग खड़ा हुआ। करीब डेढ़ घंटे बाद होश में आने पर महिला किसी तरह घर पहुंची और परिवारीजनों से आपबीती सुनाई। परिवारीजन घायल महिला को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घटना की सूचना पाते ही एएसपी कमलेश दीक्षित, तहसीलदार केडी यादव जिला अस्पताल पहुंचे और पीड़िता का बयान दर्ज किया। एएसपी ने बताया कि महिला के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या का प्रयास किया गया है। केस दर्ज कर पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।