सुल्तानपुर। बैंकों का कामकाज मंगलवार को ही उपभोक्ताओं को निपटाना होगा। बुधवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के आहवान पर अखिल भारतीय बैंक हड़ताल के मद्देनजर जिले की सभी बैंकों में तालाबंदी रहेगी। बैंकों के सभी संगठनों ने सोमवार को बैठक कर हड़ताल को सफल बनाने की रणनीति बनाई।
यूपी बैंक इंपलाइज यूनियन के सचिव अरुण कुमार सिंह ने बताया कि संगठन पांच सूत्री मांगों को लेकर आंदोलित हैं। इनमें त्वरित वेतन पुनरीक्षण समझौता अविलंब किया जाए, बैंकिंग सेल के कथित सुधारों को रोका जाए, सार्वजनिक क्षेत्रों की बैंकों का निजीकरण न हो, सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का विलय न किया जाए और बैंकों में आउटसोर्सिंग बंद किए जाने की मांग शामिल है। राष्ट्रीय नेताओं के आह्वान पर सोमवार को सभी जिला सचिवों की बैठक कर हड़ताल को सफल बनाने की रणनीति बनाई गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि बुधवार को सुबह 10 बजे भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा पर सभी इकट्ठा होंगे। यहां सभा के बाद जुलूस निकालकर सभी बैंकों को बंद कराया जाएगा। बैठक में सीबी सिंह, सुनील मिश्र, देवलखन पांडेय, अरुण श्रीवास्तव, आरसी शुक्ल समेत कई लोग मौजूद रहे।