सुल्तानपुर। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को दो दरोगा व 20 अतिरिक्त सिपाही मिले हैं। नए सीओ (प्रशिक्षु) को पर्यवेक्षण का दायित्व सौंपा गया है। इसके बाद रेलवे प्रशासन ने वरुणा व दैनिक पैसेंजर गाड़ियों को प्लेटफार्म एक से गुजारने का परिचालन अधिकारियों को निर्देश दिया है।
जीआरपी ने गत सप्ताह अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की थी। इसका आधार थाने में सिपाहियों की कमी को बनाया गया। लखनऊ-वाराणसी व इलाहाबाद-फैजाबाद रेलखंड से गुजरने वाली गाड़ियों की संख्या का अवलोकन करने के बाद जीआरपी को दो दरोगा व 20 अतिरिक्त सिपाही दिए गए हैं। इन सिपाही व दरोगा को मिलाकर कई टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमों के पर्यवेक्षण का दायित्व नए प्रशिक्षु क्षेत्राधिकारी को सौंपा गया है। रूट पर चलने वाली 52 यात्री गाड़ियों की सुरक्षा में टीमें लगा दी गई हैं। परिचालन विभाग को निर्देश हैं कि वरुणा, प्रयाग-फैजाबाद समेत सभी पैसेंजर गाड़ियों का संचालन प्लेटफार्म संख्या एक से किया जाए। किसी भी दशा में अचानक प्लेटफार्म नहीं बदले जाएं। एसओ जीआरपी ओमवीर सिंह ने बताया कि टीमों ने शनिवार की शाम पांच बजे से कमान संभाल ली है। प्रति घंटे मॉनिटरिंग की रिपोर्ट मुख्यालय भेजी जा रही है।