अमेठी। कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर अपने संसदीय क्षेत्र अमेठी पहुंचेंगे। इस दौरान सांसद जायस में टैंकर से जलापूर्ति की शुरुआत करेंगे और महिलाओं के साथ बैठक कर समूह की प्रगति जानेंगे। बैठक के बाद राहुल का कार्यक्रम पार्टी के नेता रहे दिवंगत आरपी सिंह के परिवार से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करने का है। अमेठी सांसद राहुल गांधी सोमवार को अपने संसदीय क्षेत्र के दौरे पर आ रहे हैं। कांग्रेस उपाध्यक्ष सुबह साढ़े दस बजे फुरसतगंज हवाई अड्डे पर उतरेंगे। सांसद करीब 11 बजे जायस पहुंचेंगे और पार्टी नेता प्रदीप सिंहल की ओर से बनवाए गए तीन-तीन हजार लीटर के 17 टैंकर से तिलोई विधानसभा क्षेत्र में जलापूर्ति योजना का
शुभारंभ करेंगे। इसके बाद वे राजीव गांधी महिला स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं के साथ बैठक कर समूह की प्रगति और उनकी आर्थिक मजबूती की समीक्षा करेंगे। बैठक के बाद राहुल गांधी कांग्रेस के पूर्व प्रदेश पदाधिकारी आरपी सिंह के परिवारीजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त करने डीह ब्लॉक स्थित उनके घर जाएंगे। आरपी सिंह का बीते दिनों असामयिक निधन हो गया था। राहुल गांधी का उसी दिन दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।