जगदीशपुर (अमेठी)। चार दिनों से लगातार हो रही विद्युत कटौती से त्रस्त रानीगंज कस्बे के लोगों का धैर्य शनिवार की रात जवाब दे गया। सैकड़ों लोगों ने रायबरेली-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। इस बीच पहुंची पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाकर भगा दिया। पुलिस पिटाई से तीन लोग घायल हो गए। घायलों को स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया गया। नाराज व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने रविवार को पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
जगदीशपुर थाना क्षेत्र के रानीगंज कस्बे में चार दिनों से लगातार विद्युत कटौती चल रही है। रात में हालत ज्यादा खराब हो जाती है। इस दौरान रानीगंज कस्बे में दुर्गापूजा का पंडाल भी लगाया गया है। बिजली कटौती से लोगों में नाराजगी है। शनिवार की रात संयुक्त व्यापार मंडल के अध्यक्ष गोकुल कौशल के नेतृत्व में पूजा समिति और कस्बे के लोग सड़क पर उतर आए। पावर कॉर्पोरेशन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए लोगों ने रायबरेली-फैजाबाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित रानीगंज कस्बे में हाईवे जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन की सूचना पाते ही जगदीशपुर थाने की पुलिस वहां पहुंच गई। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया लेकिन लोग बिजली की मांग पर अड़े रहे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि पावर कॉर्पोरेशन का कोई बड़ा अधिकारी मौके पर आए और उनकी मांग पूरी करे। पुलिस के समझाने-बुझाने पर भी जब लोग नहीं मानें तो पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को दौड़ा-दौड़ा कर लाठियों से पीटना शुरू कर दिया। पुलिस पिटाई से लोग तितर-बितर हो गए। पुलिस पिटाई से सिराज उर्फ पप्पू, मुन्ना और रवि गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। इस घटना को लेकर संयुक्त व्यापार मंडल ने कड़ा विरोध जताया है। रविवार को संयुक्त व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष दिलीप कुमार के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल पुलिस अधीक्षक अलंकृता सिंह से मिला और आरोपी पुलिस कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान सुंदरलाल शर्मा, जय प्रकाश, संतोष कुमार मौजूद रहे।