सुल्तानपुर। बेखौफ जहरखुरानों से अब खाकी भी सुरक्षित नहीं है। सोमवार को जहरखुरान गिरोह के सदस्यों ने एक दरोगा को अपना निशाना बनाया। बेहोशी की हालत में दरोगा जिला अस्पताल गेट के समीप एक दुकान के सामने जमीन पर लेटा मिला। घंटों लोग यही समझते रहे कि वह नशे में है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज चल रहा है।
कोतवाली नगर से चंद कदम दूरी पर जिला अस्पताल है। सोमवार दोपहर एक दरोगा बेहोशी की हालत में एक मेडिकल स्टोर के सामने जमीन पर पड़ा मिला। लोगों ने समझा कि वह नशे में है। घंटे भर बाद लोगों ने सूचना नगर कोतवाल जितेंद्र गिरि को दी। कोतवाल ने दरोगा को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। चिकित्सकों ने अल्कोहल की जांच की लेकिन पुष्टि नहीं हुई। चिकित्सकों ने बताया कि दरोगा ने शराब नहीं पी थी, बल्कि वह पॉयजनिंग का शिकार हुआ है। नगर कोतवाल ने बताया कि दरोगा को अभी होश नहीं आया है। उनकी पहचान बनारसी सिंह यादव के रूप में हुई है। वर्तमान में वे फैजाबाद जिले में तैनात हैं। वे जहरखुरानी का शिकार हुए हैं।