गौरीगंज। शहर स्थित बैंक से रुपये निकालकर घर जा रहे एक बुजुर्ग से बदमाशों ने 20 हजार रुपये लूट लिए। वृद्ध की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन लुटेरों का कोई सुराग नहीं लग सका। एएसपी ने क्राइम ब्रांच को लूट के खुलासे की जिम्मेदारी सौंपी है।
क्षेत्र के पूरे लोकई का पुरवा मजरे सराय भागमानी निवासी 60 वर्षीय अमरनाथ शुक्रवार दोपहर गौरीगंज आए थे। यहां उन्होंने एसबीआई से 20 हजार रुपये निकाले। रुपये को झोले में लेकर अमरनाथ बाहर निकले और साइकिल में टांगकर घर के लिए निकले। अमरनाथ अपने गांव से बमुश्किल 200 मीटर पहले स्थित गुलरा गांव के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें धक्का देकर गिरा दिया और साइकिल में टंगा रुपयों से भरा झोला निकालकर रायबरेली सुल्तानपुर हाईवे की ओर भाग गए। घटना के बाद अमरनाथ थाने पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक शिवाजी सिंह हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे और नाकाबंदी करवाई लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा।