मोतिगरपुर (सुल्तानपुर)। भूमि विवाद में मंगलवार सुबह देवर ने भाभी को तमंचे से गोली मार दी। परिजनों ने गंभीर हालत में महिला को सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां से चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
मोतिगरपुर के टिकरे गांव (नानेमऊ) गांव निवासी हनुमत लाल श्रीवास्तव का भाइयों से भूमि को लेकर विवाद चल रहा है। मंगलवार सुबह हनुमत लाल की पत्नी शीला देवी (52) घर के बाहर खड़ी थीं। तभी वहां पर उनका देवर शिवकुमार श्रीवास्तव हाथ में तमंचा लेकर पहुंच गया। शीला जब तक कुछ समझतीं शिवकुमार ने उन पर फायर झोंक दिया। शीला के पेट व हाथ में तमाम छर्रे धंस गए। घटना के बाद शिवकुमार भाग गया। घायल शीला को परिजनों ने सीएचसी पर भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। शीला की हालत गंभीर बनी हुई है। एसओ मोतिगरपुर संत शरण सिंह ने बताया कि शिवकुमार श्रीवास्तव के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। उसकी तलाश की जा रही है।