सुल्तानपुर। वेतन और बोनस की मांग को लेकर जिला महिला अस्पताल पर धरने पर बैठे चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारियों का धैर्य मंगलवार को जवाब दे गया। आंदोलित कर्मियों ने सीएमएस को कार्यालय में बंधक बनाकर जमकर नारेबाजी की। मौके पर पहुंचे प्रशासनिक अधिकारियों के आश्वासन पर मामला शांत हुआ।
चतुर्थ श्रेणी राज्य कर्मचारी संघ चिकित्सा स्वास्थ्य सेवाएं उतर प्रदेश शाखा के बैनर तले कर्मचारी सोमवार से जिला महिला अस्पताल में अक्तूबर माह के वेतन और बोनस की मांग को लेकर बेमियादी धरने पर बैठे थे। मंगलवार को कर्मचारियों को संबोधित करते हुए अध्यक्ष ओमप्रकाश ने कहा कि बीते 12 सितंबर 2012 को आठ सूत्री मांगों को लेकर सीएमएस को ज्ञापन दिया गया था। उन्होंने एक माह में कर्मचारियों की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया था। इसके बावजूद आज तक कर्मचारियों की एक भी मांग पूरी नहीं की गई। इससे नाराज कर्मचारियों ने एक बजे महिला सीएमएस डॉ. संतोष को उनके कार्यालय में बंद कर बाहर गेट पर ताला जड़ दिया। अधिकारियों के समझाने पर कर्मचारी शांत हुए।