दीवानी न्यायालय स्थित अधिवक्ता संघ भवन में बृहस्पतिवार को बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव में सुबह 9.30 बजे से मतदान शुरू हुआ। चुनाव को लेकर दिन भर दीवानी न्यायालय परिसर में गहमागहमी का माहौल रहा। अध्यक्ष-सचिव समेत विभिन्न पदों के लिए चुनाव समर में कूदे प्रत्याशी और उनके समर्थक वोटरों को अंतिम समय तक अपने पाले में करने के लिए कड़ी मशक्कत करते रहे।
चुनाव को लेकर बुजुर्ग और युवा अधिवक्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। शाम पांच बजे तक बजे तक हुए मतदान में बार एसोसिएशन के कुल 1,549 वोटरों में 1,437 अधिवक्ताओं ने मतदान किया। कई महत्वपूर्ण पदों पर सीधा मुकाबला रहा, जबकि कई अहम पदों पर त्रिकोणीय व चतुष्कोणीय लड़ाई होती दिखी। चुनाव को लेकर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बार एसोसिएशन अध्यक्ष राघवेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि शुक्रवार को सुबह 9.30 बजे से दीवानी न्यायालय परिसर में स्थित अधिवक्ता संघ भवन में मतगणना शुरू होगी।
बार एसोसिएशन के चुनाव के लिए दीवानी न्यायालय स्थित अधिवक्ता संघ भवन में पांच बूथ बनाए गए थे। सचिव योगेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बूथ संख्या एक पर 294, बूथ संख्या दो पर 291, बूथ संख्या तीन पर 293, बूथ संख्या चार पर 281 और बूथ संख्या पांच पर 278 वकीलों ने वोट डाला।
इनसेट