प्रियंका गांधी एक मई को अमेठी में करेंगी रोड शो
गौरीगंज। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के चुनावी अभियान को गति देने के लिए पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा एक मई को अमेठी में रोड शो करेंगी। रोड शो का आयोजन कांग्रेस पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की ओर से किया गया है। पार्टी की कोशिश पूरे संसदीय क्षेत्र के पिछड़ों को रोड शो में एकत्र करके पार्टी के पक्ष में माहौल बनाने की है।
पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित रोड शो का कार्यक्रम करीब दो किलोमीटर का होगा। शाम करीब साढ़े चार बजे शहर के देवीपाटन मंदिर से शुरू होने वाला रोड शो पार्टी कार्यालय पर समाप्त होगा। गौरीगंज स्थित पार्टी कार्यालय पर सोमवार को मीडिया से मुखातिब पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय संयोजक अनिल सैनी ने इसकी जानकारी दी। सैनी ने दावा किया कि अमेठी संसदीय क्षेत्र में ओबीसी मतदाताओं की संख्या करीब 10 लाख है। उनका कहना था कि रोड शो को सफल बनाने के लिए तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं।