स्पेशल ट्रेन दौड़कर की गई ट्रैक की टेस्टिंग
अमेठी। लखनऊ-वाराणसी रेलखंड दोहरीकरण कार्य के तहत अढ़नपुर-निहालगढ़-सिंदुरवा-अकबरगंज के मध्य हुए नॉन इंटरलॉकिंग कार्य का रेलवे संरक्षा आयुक्त ने बृहस्पतिवार को निरीक्षण किया। ट्रॉली वैन से निरीक्षण करने के बाद उन्होंने ट्रैक पर स्पेशल ट्रेन चलवाई। स्पेशल ट्रेन से हाईस्पीड टेस्टिंग की गई। निरीक्षण के बाद नए रेल ट्रैक पर ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दे दी गई।
रेलवे संरक्षा आयुक्त (सीआरएस) एसके पाठक ने लखनऊ रेलवे मंडल के अंतर्गत लखनऊ-वाराणसी रेल मार्ग पर पड़ने वाले अढ़नपुर-निहालगढ़-सिंदुरवा-अकबरगंज स्टेशनों के बीच 25.45 किलोमीटर में हुए रेल पथ दोहरीकरण के कार्य का निरीक्षण किया। सीआरएस ने सिंदुरवा-निहालगढ़ व अढ़नपुर स्टेशनों के बीच पहले ट्रैक का ट्रॉली वैन से निरीक्षण किया। कई स्थानों पर उन्होंने ट्रैक के इंटरलॉकिंग सेक्शन का अवलोकन किया।
तीनों स्टेशनों पर सीआरएस से सिग्नल, पैनल रूम व ट्रैक पॉइंट का भी निरीक्षण किया। इसके बाद स्पेशल ट्रेन को अढ़नपुर से सिंदुरवा के बीच 110 से 115 किलोमीटर की गति से नए ट्रैक पर चलाकर टेस्टिंग की गई। रेलवे संरक्षा आयुक्त एसके पाठक विशेष ट्रेन से नए ट्रैक पर उच्च गति का ट्रायल करने के बाद ट्रेनों के संचालन को हरी झंडी दी। सीआरएस के निरीक्षण के दौरान रेलवे के विभिन्न सेक्शनों के अधिकारी मौजूद रहे।