अब बाइक से मौके पर जल्द पहुंचेंगे यूपी 100 के पुलिसकर्मी
गौरीगंज। हूटर व बत्ती लगी एसयूवी पर दिखने वाले यूपी 100 के पुलिस कर्मी जल्द ही बाइक पर भी नजर आएगी। बाइक से उन्हें ऐसे स्थानों पर पहुंचने में आसानी होगी जहां जीप से पहुंचने में परेशानी होती थी। जिले को 26 बाइक मिलने के चिह्नित 57 पुलिस कर्मियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है।
अपराध होने या ऐसी संभावित सूचना पर तत्काल पुलिस की मौजूदगी सुनिश्चित कराने के लिए प्रदेश की पूर्व सरकार ने यूपी 100 सेवा शुरू की थी। इस सेवा के तहत जिले में सेल गठित कर सिपाही से लेकर दरोगा तक को प्रशिक्षित किया गया। इस सेवा के तहत पुलिस अधिकतम 15 मिनट में घटना स्थल तक पहुंच सके इसके लिए सभी थान क्षेत्रों को दो से तीन हूटर व बत्ती लगी नई लग्जरी जीपें भी दी गईं।
इस बीच शासन को ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कस्बों की तंग गलियों में अपराध होने की स्थिति में पुलिस जीप नहीं पहुंच पातीं। इससे निपटने के लिए शासन ने जिले के पुलिस महकमे को 26 रेसर बाइक मुहैया कराई है। इसके लिए जिले में यूपी 100 बाइक पर चलने के लिए 57 पुलिस कर्मियों को चिह्नित कर उन्हें प्रशिक्षित भी किया जा रहा है।