अलाव बुझे मिले तो नपेंगे लेखपाल
गौरीगंज। प्रशासन के आदेश के बावजूद सार्वजनिक स्थलों पर अलाव नहीं जलवाने वाले लेखपालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। जिलाधिकारी ने सोमवार को सभी एसडीएम को आदेश जारी कर उसका अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा है। डीएम ने कहा कि अलाव जलने का वह स्वयं औचक निरीक्षण करेंगी।
शासन से आवंटित धन को तहसीलवार भेजने के साथ ही जिला प्रशासन ने सभी एसडीएम को सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलवाने का निर्देश दिया था। आदेश का अनुपालन सुनिश्चित कराने के लिए सभी एसडीएम को अलाव स्थलों का औचक निरीक्षण करने का भी निर्देश दिया। इसके बावजूद कुछ ही स्थानों पर अलाव जल रहे हैं।
इनमें जिला मुख्यालय स्थित रेलवे स्टेशन और बस स्टॉप भी शामिल हैं। सोमवार को डीएम शकुंतला गौतम ने पुन: आदेश जारी कर कहा कि जिन सार्वजनिक स्थलों पर अलाव जलते नहीं मिले वहां के लेखपाल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
डीएम ने कहा कि अलाव जल रहे हैं या नहीं इसे सुनिश्चित करने के लिए वे स्वयं औचक निरीक्षण करेंगी। आदेश के अनुपालन में शिथिलता मिलने पर एसडीएम के खिलाफ भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।