रोस्टर के बाद भी माइनरों में टेल तक नहीं पहुंचा पानी
सिंचाई के लिए पानी न मिलने से किसान परेशान
फोटो संख्या- 33
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। सिंचाई के समय जिले की माइनरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ऐसे में किसानों की चिंता बढ़ गई है। विभागीय अधिकारी माइनरों के संचालन को लेकर गंभीर नहीं हैं। कई स्थानों पर कुलाबे और माइनरें सूखी पड़ी हैं। सिंचाई खंड-16 के अंतर्गत माइनरों में टेल पानी न पहुंचने से किसानों के समक्ष सिंचाई का संकट खड़ा हो गया है।
नहरों का रोस्टर जारी हो गया है। नहरों मेें पानी छोड़े जाने का दावा विभागीय अधिकारी कर रहे हैं, लेकिन उससे जुड़ी माइनरों के टेल तक नहीं पहुंच रहा है। पर्याप्त पानी उपलब्ध न होने से किसानों के समक्ष सिंचाई की समस्या खड़ी हो गई है। जिले के करीब 1000 किमी से अधिक क्षेत्र में नहरों का जाल फैला हुआ है। सिंचाई विभाग खंड- 16 की ओर से 10 रजबहे व 120 माइनरों का संचालन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत बल्दीराय, धनपतगंज, कूरेभार, जयसिंहपुर, मोतिगरपुर, कादीपुर व दोस्तपुर ब्लॉक में खेतों की सिंचाई के लिए नहरों व माइनरों से पानी की आपूर्ति की जाती है। विभागीय अधिकारियों की मानें तो लखीमपुर मेन ब्रांच से पानी छोड़ा गया है। नहरों में पानी आ गया है, लेकिन अभी भी माइनरों में टेल तक पानी नहीं पहुंच सका है। इस वजह से किसानों की परेशानी बढ़ गई है। विभागीय अफसरों की मानें तो सिल्ट की सफाई का काम पूरी तरह से नहीं कराया जा सका है। इस वजह से कुछ स्थानों पर सिंचाई का पानी माइनरों की टेल तक नहीं पहुंचा है।
बॉक्स
बल्दीराय विकास खंड की माइनर में नहीं पहुंच सका पानी
विंदेश्वरीगंज। विकास खंड के रामनगर रजबहा से निकली तुलसीपुर माइनर करीब छह महीने से जल विहीन है। इससे पूरे हनुमान दुबे, पूरे संगम दुबे, आछरपुर, पूरे संघई, पूरे शिवरतन तिवारी, पूरे लाल तिवारी समेत कई गांव के किसानों को सिंचाई के लिए पानी नहीं मिल पा रहा है। क्षेत्र के किसान राजेंद्र दुबे, राम उचित, हर्ष नरायन, वीरेंद्र तिवारी, लाल बहादुर ने बताया कि काफी समय से यहां माइनर में पानी नहीं आ सका है। हमें निजी व्यवस्था के सहारे खेतों की सिंचाई करानी पड़ती है। विभागीय अधिकारी किसानों की समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
इनसेट
जल्द कराई जाएगी सिल्ट सफाई: एक्सईएन
सुल्तानपुर। सिंचाई विभाग खंड-16 के अधिशासी अभियंता पंकज गौतम ने बताया कि बल्दीराय की माइनर में टेल तक पानी न पहुंचने की जानकारी मिली है। इसके लिए अवर अभियंता को जिम्मेदारी दी गई है। स्थलीय सत्यापन होने के बाद टेल तक पानी नहीं पहुंचने की समस्या को जल्द दूर किया जाएगा।