सुल्तानपुर। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। दीवानी न्यायालय के एक न्यायिक अधिकारी व नगर पालिका के कर्मचारी समेत 85 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। जिला जज के निर्देश पर बुधवार को दीवानी न्यायालय बंद कर कोर्ट परिसर, कार्यालय व अधिवक्ता शेड का सैनिटाइजेशन कराया गया। उन्होंने रिमांड के लिए दो न्यायिक अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंप दी है। जिले में कोरोना के अब कुल 602 सक्रिय केस हैं।
कोरोना के लगातार बढ़ रहे मामलों का असर दीवानी न्यायालय पर पढ़ने लगा है। एक न्यायिक अधिकारी की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है। संबंधित न्यायिक अधिकारी ने इसकी सूचना जिला जज संतोष राय को दी है। इसे संज्ञान में लेते हुए जिला जज ने बुधवार को दीवानी न्यायालय को बंद रखने का आदेश दिया। जिला जज के निर्देश पर कोर्ट परिसर, कार्यालय व अधिवक्ता शेड को सैनिटाइज कराया गया।
जिला जज ने कोरोना संक्रमित पाए नए न्यायिक अधिकारी के संपर्क में आए न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों व अधिवक्ताओं को कोविड टेस्ट कराकर दो दिन के अंदर रिपोर्ट देने का आदेश दिया है। उन्होंने सत्र न्यायालय से संबंधित रिमांड के लिए एडीजे नीलिमा सिंह को और मजिस्ट्रेट कोर्ट से संबंधित रिमांड के लिए न्यायिक मजिस्ट्रेट दीपांकर यादव को जिम्मेदारी सौंपी है।
उधर, फैमिली कोर्ट के प्रधान न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी ने कोरोना का संक्रमण रोकने के लिए आदेश जारी किया है। गुरुवार को प्रधान न्यायाधीश उत्कर्ष चतुर्वेदी व अपर प्रधान न्यायाधीश चतुर्वेदी पुष्पा सिंह मुकदमों की सुनवाई करेंगी। शुक्रवार को अपर प्रधान न्यायाधीश प्रतिभा नारायण व पुष्पा सिंह को मुकदमों की सुनवाई करने की जिम्मेदारी दी गई है।
बुधवार को 85 लोगों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई है। अब जिले में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 602 पहुंच गई है। नगर पालिका के ईओ श्यामेंद्र मोहन ने बताया कि मंगलवार की शाम नगर पालिका के कर्मचारी राम सागर की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
रिपोर्ट मिलने के बाद बुधवार को नगर पालिका कार्यालय एक दिन के लिए बंद करा दिया गया। नगर पालिका कार्यालय और परिसर को सैनिटाइज कराया जा रहा है। उधर लंभुआ क्षेत्र के मुरली स्थित धान क्रय केंद्र के प्रभारी व विपणन निरीक्षक अनुराग चतुर्वेदी भी कोरोना संक्रमित पाए गए हैं।
जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. एएन राय ने बताया कि जिले में कुल 15 से 18 आयु वर्ग के कुल 1,70,535 लोगों को वैक्सीन लगनी थी। उसकी तुलना में जिले में कुल 95 हजार किशोर-किशोरियों को स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना की वैक्सीन लगा दी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि 25 जनवरी तक लक्ष्य प्राप्त कर लिया जाएगा।