बिना सूचना गैरहाजिर शिक्षक निलंबित
करौंदीकलां के गजेंद्रपुर प्राथमिक विद्यालय का मामला
अमर उजाला ब्यूरो
सुल्तानपुर। बिना सूचना के विद्यालय से गैरहाजिर रहना एक शिक्षक को महंगा पड़ा। खंड शिक्षा अधिकारी की जांच में अनुपस्थित पाए गए शिक्षक को बीएसए ने निलंबित कर दिया है।
करौंदीकलां विकास खंड क्षेत्र के गजेंद्रपुर उच्च प्राथमिक विद्यालय में खंड शिक्षा अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया तो विद्यालय में तैनात सहायक अध्यापक राम सजीवन दुबे 17 एवं 18 अगस्त को गैरहाजिर पाए गए। उन्होंने अपनी अनुपस्थिति की सूचना न तो विद्यालय और न ही सक्षम अधिकारी को ही दी थी। खंड शिक्षाधिकारी की रिपोर्ट पर बीएसए कौस्तुभ कुमार सिंह ने शिक्षक को निलंबित करते हुए कूरेभार के उच्च प्राथमिक विद्यालय परवर से संबद्ध किया है। मामले में कूरेभार खंड शिक्षाधिकारी रवींद्र कुमार वर्मा को जांच अधिकारी नामित किया गया है।