गौरीगंज। विधानसभा 2017 में वाहन अधिग्रहीत होने के बावजूद अब तक किराया नहीं मिलने से नाराज वाहन स्वामी बुधवार को प्रदर्शन पर उतर आए।
वाहन स्वामियों ने कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन करने के बाद डीएम को शिकायत पत्र दिया। शिकायती पत्र में विभागीय लिपिक पर अवैध वसूली का आरोप लगाते हुए मामले की जांच व किराया भुगतान की मांग की गई है।
आयोग के आदेश पर विधानसभा सामान्य निर्वाचन 2017 में गठित उडनदस्तों के लिए बड़ी संख्या में वाहनों को अधिग्रहीत किया गया था।
चुनाव में वाहनों का प्रयोग होने के बाद भी अब तक किराया नहीं मिलने से नाराज वाहन स्वामी बुधवार को प्रदर्शन पर उतर आए। वाहन स्वामियों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन कर डीएम योगेश कुमार को शिकायती पत्र दिया।
शिकायती पत्र में वाहन स्वामियों ने विभागीय लिपिक वसी अहमद पर भुगतान के नाम पर 10-10 हजार अवैध शुल्क मांगने व परेशान करने का आरोप लगाते हुए किराए का भुगतान कराने की मांग की है।
वाहन स्वामियों ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन का अल्टीमेटम दिया है। इस मौके पर सूरज प्रकाश, हरिश्चंद्र, उमेश कुमार यादव, सत्तार हुसैन व त्रिवेणी प्रसाद के साथ कई लोग मौजूद रहे।
जिलाधिकारी योगेश कुमार ने वाहन स्वामियों की शिकायत को गंभीरता से लिया है। शिकायती पत्र पर दिए गए आदेश में लिपिक वसी अहमद को वित्तीय कार्य से हटाते हुए मामले की जांच के लिए अतिरिक्त मजिस्ट्रेट व सहायक लेखाधिकारी के नेतृत्व में टीम गठित करने की बात कही गई है।