संदिग्ध हालात में ट्रेन
से गिरा युवक, मौत
क्रासर
लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर बनी के पास हुई दुर्घटना
अमर उजाला ब्यूरो
गौरीगंज। लखनऊ-वाराणसी रेल ट्रैक पर बनी रेलवे स्टेशन के पास रविवार रात डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से संदिग्ध परिस्थितियों में गिरकर एक अज्ञात युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस दौरान पेट्रोलिंग पर निकले गैंगमैन ने घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। अस्पताल पहुंची पुलिस शव के शिनाख्त की कोशिश में जुटी है।
दिल्ली से चलकर वाराणसी तक जाने वाली डाउन काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस से बनी-गौरीगंज रेलवे स्टेशन के बीच रविवार रात एक युवक संदिग्ध परिस्थितियों में ट्रेन से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान रेल ट्रैक की पेट्रोलिंग पर पहुंचे गैंगमैन ने इसकी सूचना स्टेशन मास्टर प्रवीण सिंह को दी। प्रवीण ने घटना से उच्चाधिकारियों के साथ ही जीआरपी व स्थानीय पुलिस को अवगत कराते हुए घायल युवक को एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मौत के बाद अस्पताल की सूचना पर पहुुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त की कोशिश शुरू कर दी है। एसओ सुरेश पांडेय ने बताया कि फिलहाल शव को अभी सुरक्षित रखा गया है।