लाइट कनेक्शन उपभोक्ताओं से हो रही अवैध उगाही
जांच के नाम पर 200 से 500 रुपये की हो रही वसूली
उपभोक्ताओं ने पावर कॉर्पोरेशन से लगाई गुहार
अमर उजाला ब्यूरो
करौंदीकलां (सुल्तानपुर)। क्षेत्र में लाइट कनेक्शन उपभोक्ताओं से जांच के नाम पर अवैध उगाही की जा रही है। निर्धारित से अधिक 200 से 500 रुपये तक अतिरिक्त शुल्क सुविधा के रूप में लिया जा रहा है। उपभोक्ताओं ने पावर कॉर्पोरेशन से इसकी जांच कर अवैध वसूली बंद कराने की मांग की है।
शासन ने 130 रुपये प्रति कनेक्शन की दर से शुल्क निर्धारित किया है। विद्युत उपभोक्ताओं को रसीद तो 130 रुपये की दी जाती है लेकिन उनसे 200 से 500 रुपये बढ़ाकर जांच के नाम पर लिया जा रहा है। जो विद्युत उपभोक्ता इसका विरोध करते हैं, उन्हें जांच के नाम पर इतना दौड़ा दिया जाता है कि तंग आकर वे भी अतिरिक्त सुविधा शुल्क देने को बाध्य हो जाते हैं। सूरापुर में जनसुविधा केंद्र स्थित है। यहां पर लाइट कनेक्शन की रसीद काटी जाती है। उपभोक्ताओं के पूछने पर जनसुविधा संचालक बताता है कि 130 रुपये की रसीद मिलेगी। बाकी का पैसा जेई को फॉर्म फारवर्ड करने के लिए है। इसमें कनेक्शन लेने वाले की विद्युत पोल से दूरी, ट्रांसफार्मर पर लोड की स्थित आदि की चेकिंग करते हैं।
इनसेट
लाइट कनेक्शन पर नहीं अतिरिक्त शुल्क
सूरापुर पावर हाउस के अवर अभियंता शिवराम गुप्ता ने बताया कि लाइट कनेक्शन उपभोक्ताओं से किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जा रहा है। कनेक्शन कराने वाले किसी भी तरह का अतिरिक्त शुल्क न दें। अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।