सुल्तानपुर। लखनऊ-गाजीपुर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का 78 फीसदी कार्य पूरा हो चुका है। शनिवार को एक्सप्रेस वे का जायजा लेने के बाद समीक्षा में अपर मुख्य सचिव गृह व मुख्य कार्यपालक अधिकारी यूपीडा अवनीश अवस्थी ने मार्च तक शेष कार्य पूरा करने का निर्देश कार्यदायी फर्म को दिया है। उन्होंने मुख्यमंत्री की घोषणा को देखते हुए अप्रैल में सिक्स लेन का संचालन शुरू करने का भी निर्देश दिया है।
शनिवार को सुबह बल्दीराय विकास खंड के कुवांसी बड़ाडाड़ में बनाए गए हेलीपैड पर पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे का निरीक्षण करने के लिए अपर मुख्य सचिव गृह पहुंचे। उन्होंने एक्सप्रेस-वे के पैकेज-3 का अधिकारियों के साथ जायजा लिया। मौके पर कार्य संचालित पाया गया। इसके बाद पैकेज तीन के निर्माण कार्यों की समीक्षा फर्म के कैंप कार्यालय में की।
समीक्षा में कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को अवशेष कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी पैकेजों का कार्य एक साथ पूरा करने का भी निर्देश दिया। कार्य स्थल से लोहे की सरिया आदि की चोरी की बाबत पुलिस अधीक्षक को कार्रवाई का निर्देश दिया। समीक्षा में मार्ग के क्लीयरिंग व ग्रबिंग का कार्य शत- प्रतिशत पूरा मिला। मिट्टी का कार्य 98 फीसदी मिला।
बीसी का कार्य करीब 57 फीसदी पूरा पाया गया। अपर मुख्य सचिव ने बीसी का कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया। इसके बाद अखंडनगर में रेलवे लाइन पर बनाए जा रहे फ्लाई ओवर के कार्य का जायजा लिया। एसीएस के साथ रेलवे व फर्म के अधिकारी भी मौजूद रहे। फर्म से कार्य के बारे में जानकारी लेते हुए जल्द पूरा कराने का निर्देश दिया।
कहा कि प्रदेश के पूर्वी क्षेत्र के विकास के लिए सरकार की ओर से सुल्तानपुर, अंबेडकर नगर, अमेठी और अयोध्या के के साथ आर्थिक रूप से कम विकसित जनपदों आजमगढ़, मऊ और गाजीपुर को राजधानी लखनऊ से जोड़ने के सिक्स लेन का निर्माण कराया जा रहा है।
बताया कि एक्सप्रेस-वे लखनऊ के चांदसराय से प्रारंभ होकर यूपी-बिहार सीमा के 18 किमी. पहले गाजीपुर के ग्राम हैदरिया तक जा रहा है। 340.824 किमी लंबे मार्ग की परियोजना से लखनऊ, बाराबंकी, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, अंबेडकरनगर, आजमगढ़, मऊ तथा गाजीपुर जिले लाभान्वित होंगे। इसके पहले हेलीपैड पर एसीएस के पहुंचने पर प्रभारी डीएम/मुख्य विकास अधिकारी अतुल वत्स, पुलिस अधीक्षक डॉ. अरविंद चतुर्वेदी ने उनका स्वागत किया। प्रभारी डीएम ने पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के बारे में जानकारी दी। इस मौके पर संबंधित मौजूद रहे।