विकास भवन में दो पालियों में होगा प्रशिक्षण
सुल्तानपुर। लोकसभा चुनाव की गणना में लगाए गए मतगणना कार्मिकों को शुक्रवार से विकास भवन में प्रशिक्षण दिया जाएगा। कार्मिकों का दूूसरा प्रशिक्षण 22 मई को पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार में कराया जाएगा। जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि के निर्देश पर सीडीओ ने गणना प्रशिक्षण की तैयारी पूरी कर ली है।
लोकसभा चुनाव के बाद जिला प्रशासन मतगणना की तैयारियों में जुटा है। जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ने गणना कार्मिक 17 व 18 मई को गणना कार्मिकों का प्रशिक्षण कराने की तैयारी पूरी कर ली है।
सीडीओ मधसूदन हुल्गी ने बताया कि विकास भवन में सुबह 10 बजे से दो पालियों में मतगणना कार्मिकों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। दूसरी पाली का प्रशिक्षण दोपहर बाद दो से पांच बजे तक चलेगा। सीडीओ ने गणना ड्यूटी में लगाए गए कार्मिकों को समय से पहुंचने का निर्देश दिया है।
बताया कि मतगणना कार्मिकों को दूूसरा प्रशिक्षण 22 मई को पं. राम नरेश त्रिपाठी सभागार में दो पालियों में दिया जाएगा। 23 मई को अमहट स्थित मंडी परिषद में मतगणना होगी। दूसरे प्रशिक्षण के लिए अधिशाषी अभियंता लोक निर्माण विभाग को पं. रामनरेश त्रिपाठी सभागार में मेज, कुर्सी, लाउडस्पीकर आदि की व्यवस्था करने का निर्देश दिया गया है।
स्ट्रांग रूम का निरीक्षण
जिला निर्वाचन अधिकारी दिव्य प्रकाश गिरि एवं एसपी अनुराग वत्स ने बृहस्पतिवार को मंडी परिषद में स्थित स्ट्रांग रूम का निरीक्षण किया। दोनों अधिकारियों ने स्ट्रांग रूम की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया एवं संबंधित को निर्देश दिया। डीएम ने ड्यूटी पर लगाए गए अधिकारियों एवं पुलिस कर्मियों से भी बात की।